
Maharajganj: नौतनवा में बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल की किल्लत, अघोषित बिजली कटौती और किसानों की समस्याओं को लेकर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। क्षेत्र में नागरिकों और किसानों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी नौतनवा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी और लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। डीजल, पेट्रोल और गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
बिजली कटौती और ज्वलंत समस्याओं को लेकर प्रदर्शन
किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में डीजल की भारी किल्लत के कारण सिंचाई और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसान रातभर पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं, लेकिन फिर भी पर्याप्त डीजल नहीं मिल पा रहा है। खाद और बीज की बढ़ती कीमतों ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।
वहीं क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी में घंटों बिजली गायब रहने से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना गरीब और मजदूर वर्ग के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे जनता में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन में युवाओं के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए हैं। नीट पेपर लीक समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं को लेकर युवाओं में भारी आक्रोश बताया गया है। आरोप लगाया गया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
समाजवादी पार्टी नौतनवा इकाई द्वारा बढ़ती बेरोजगारी, बेतहाशा महंगाई, पेट्रोल पंपों पर डीजल की लंबी लाइन एवं डीजल के महा संकट को लेकर उप जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से राज्यपाल महोदया को ज्ञापन सौंपा गया। जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए आम जनता, किसानों और नौजवानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
Location : maharajganj,
Published : 25 May 2026, 11:57 PM IST
Topics : Electricity Crisis Maharajganj Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Nautanwa petrol diesel prices hike