
सड़कों पर उतरे महराजगंज के वकील (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में अधिवक्ताओं का आक्रोश अब खुलकर सड़कों पर आ गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकीलों के कथित अपमान और विधि विरुद्ध तरीके से अवमानना की कार्रवाई के विरोध में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा और महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी के नेतृत्व में निकाले गए इस विरोध मार्च के दौरान वकीलों ने हाथों में काले झंडे और अपनी चार सूत्रीय मांगों से जुड़े स्लोगन वाले फ्लैक्स थाम रखे थे।
यह पूरा विवाद 27-28 अक्टूबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति अरुण कुमार देशवाल द्वारा अधिवक्ताओं को कथित रूप से अपमानित करने और उन पर अवमानना की कार्रवाई करने की घटना से शुरू हुआ है। इसी के विरोध में सिविल कोर्ट परिसर से एक विशाल बाइक रैली निकाली गई, जो महराजगंज के सक्सेना चौक तक पहुंची। रैली के माध्यम से वकीलों ने साफ कर दिया कि वे अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करेंगे।
रैली के दौरान जिला मुख्यालय पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद आयोजित आमसभा में वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मेंद्र त्रिपाठी ने सरदार पटेल के आदर्शों को याद करते हुए वकीलों से मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने और अपना सर्वस्व न्योछावर करने का आह्वान किया।
काले झंडों के साथ वकीलों ने निकाली बाइक रैली (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी ने सरकार और न्यायपालिका को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक वकीलों का उत्पीड़न बंद नहीं होता और उनकी प्रदेशव्यापी चार सूत्रीय मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक सिविल कोर्ट के अधिवक्ता हर शनिवार को इसी प्रकार अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन और आमसभा में जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र त्रिपाठी, अनूप सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, वकील प्रजापति, वशिष्ठ मिश्रा, संतोष पटेल, सुरेंद्र सिंह गांधी, महताब, अभिजीत सिंह, जमशेद आलम, गणेश प्रसाद, द्विजेंद्र दूबे, हरेंद्र मिश्रा, कैलाश अग्निहोत्री, कौशल किशोर पांडेय, दयाराम चौधरी, आशीष शुक्ला, महेंद्र पांडेय, गिरिजेश मिश्रा और अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 31 October 2026, 2:59 PM IST
Topics : Advocate Bike Rally Allahabad High Court Civil Court Bar Association lawyers protest Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़)