
महराजगंज में गूंजा तिरंगे का जयघोष (Source: Dynamite News)
Maharajganj: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को सदर ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्थल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे हजारों लोगों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, छात्रों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का जोश और तिरंगे की शान दिखाई दी।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिले के प्रभारी एवं मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य और जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर किया।
यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सक्सेना तिराहे पहुंची, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रोफेसर शिब्बन लाल सक्सेना को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद दुर्गा मंदिर पहुंचकर पूजन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
Maharajganj: रात में अघोषित बिजली कटौती से धानीवासी त्रस्त, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
मुख्य अतिथि मुकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि भारत की आन, बान, शान, एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की अमिट गाथा का प्रतीक है। तिरंगा देश के हुतात्माओं और स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के त्याग की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज, राष्ट्रगान और देश की विरासत के प्रति सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के बजाय राजनीति करते हैं। उन्होंने अमर क्रांतिकारियों को नमन करते हुए नई पीढ़ी से उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुकेश शर्मा ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रध्वज से जोड़ने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और शहीद वीर सपूतों के बलिदान को याद करना है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष का परिणाम है। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का सर्वोच्च बलिदान है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को भी उनके संघर्ष और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों और शहीदों के योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
Maharajganj: आखिर सड़क किनारे कौन छोड़ गया 19 बोरी यूरिया? पुलिस ने शुरू की जांच
जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके त्याग से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। तिरंगा विविधताओं के बावजूद देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधने का संदेश देता है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता, प्रमुख ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख राम हरख गुप्ता, चेयरमैन संतोष जायसवाल, अजय मधेशिया और उमेश जायसवाल सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।
तिरंगा यात्रा में पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, परदेसी रविदास, वरिष्ठ नेता अजय कुमार श्रीवास्तव, शैलेश पांडेय, सरोज पांडेय, डॉ. फरीदा ईरम, जिला महामंत्री एवं यात्रा संयोजक बबलू यादव, सह संयोजक प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, दिनेश जायसवाल, ठाकुर रौनियार, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पटेल, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, वंदना तिवारी, सुमित्रा भारती, शुभलक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, अशोक पटेल, विजय गौड़, गोविंद जायसवाल और आकाश श्रीवास्तव समेत हजारों लोग शामिल रहे।
Location : Maharajganj
Published : 13 August 2026, 2:55 PM IST
Topics : Har Ghar Tiranga 2026 Independence Day 2026 Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Tiranga Campaign Tiranga Rally