सिर पर मंडराते ‘हाई-वोल्टेज काल’ का खातमा! स्कूल, थाने और गोशालाएं होंगी सुरक्षित

महराजगंज में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, थाना, गोशाला और पंचायत भवनों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार हटाए जाएंगे। DM गौरव सिंह सोगरवाल ने सुरक्षित स्थान पर शिफ्टिंग के निर्देश दिए हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 22 August 2026, 8:15 PM IST
google-preferred

Maharajganj: जनपद में सार्वजनिक भवनों के ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन विद्युत तारों को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, थाना, गोशाला, पंचायत भवन सहित जिले के सभी सार्वजनिक भवनों के ऊपर या बेहद नजदीक से गुजरने वाली हाइटेंशन विद्युत लाइनों को अब सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने को कहा है।

जिलेभर में चिन्हित किए जाएंगे संवेदनशील स्थान

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अब जिलेभर में ऐसे सार्वजनिक भवनों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जाएगी, जहां हाइटेंशन तार लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। संबंधित विभाग और विद्युत विभाग मौके का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करेंगे। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर विद्युत लाइनों को सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी।

Maharajganj News: अमृत सरोवर में दिखा महिला का शव, खबर फैलते ही मौके पर उमड़ी भीड़; मौत की वजह बनी पहेली

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर खास जोर

प्रशासन के इस फैसले का सबसे सीधा असर उन स्कूलों पर पड़ेगा, जिनके परिसर या भवनों के ऊपर से हाइटेंशन तार गुजर रहे हैं। विद्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहते हैं। ऐसे में विद्युत लाइनों की वजह से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। इसी तरह स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही लगातार होती है, जबकि थानों, पंचायत भवनों और गोशालाओं में भी बड़ी संख्या में लोग और कर्मचारी पहुंचते हैं।

तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। हाइटेंशन तारों की शिफ्टिंग के दौरान विद्युत सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने पर भी जोर दिया गया है।

Maharajganj: बारावफात और जन्माष्टमी को लेकर पीस कमेटी की बैठक, लिया गया ये बड़ा फैसला

बरसात में बढ़ जाता है विद्युत हादसे का खतरा

दरअसल, सार्वजनिक भवनों के ऊपर से गुजरने वाली हाइटेंशन लाइनें लंबे समय से सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय बनी हुई हैं। कई स्थानों पर भवनों की छतों और विद्युत तारों के बीच अपेक्षित दूरी नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में प्रशासन का यह निर्णय संभावित विद्युत हादसों को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  22 August 2026, 8:15 PM IST

Advertisement