
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Social Media)
Maharajganj News: गणपति बप्पा मोरया के जयकारों और भक्ति के रंग में डूबे माहौल के बीच शनिवार को सिसवा बाजार में गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर उत्साह दिखाया। पूरे नगर में आस्था और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
गणेश प्रतिमा विसर्जन से पहले नगर में स्थापित सभी गणपति प्रतिमाओं को इस्टेट चौक पर एकत्र किया गया। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।शोभायात्रा राम जानकी मंदिर रोड से होते हुए अमर पुरवा चौराहा, गोपाल नगर, रोडवेज बस स्टैंड, पुरानी पुलिस चौकी रोड, स्टेशन रोड, फल मंडी और शायर स्थान चौराहा होते हुए बीजापार स्थित खेखड़ा घाट पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयघोष लगाते हुए नजर आए।
खेखड़ा घाट पर पहुंचने के बाद धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की। पूरी शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ विसर्जन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी, सीओ रविंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा और चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। सुरक्षा के लिए पीएसी बल के साथ 12 थानों की पुलिस तैनात की गई थी। घुघली, ठूठीबारी, निचलौल, भिटौली, श्यामदेउरवा, बरगदवा, परसा मलिक और चौक समेत अन्य थानों की पुलिस चप्पे-चप्पे पर मौजूद रही।
प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से गणेश उत्सव मनाने की उम्मीद जताई।
Location : Maharajganj
Published : 19 September 2026, 8:45 PM IST
Topics : Ganesh Chaturthi Ganesh visarjan Ganpati Bappa Morya Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Siswa Bazar News