Maharajganj: सफाई के नाम पर फर्जीवाड़ा! धानी बाजार में भड़का व्यापारियों का गुस्सा, SDM को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र के धानी बाजार में सफाई को लेकर विवाद गहरा गया है। फर्जी रिपोर्ट के आरोप के बाद व्यापारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 April 2026, 3:51 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के धानी बाजार में सफाई के नाम पर बड़ा खेल सामने आया है। कचरे के ढेर से परेशान लोगों की शिकायत के बाद जहां कार्रवाई होनी चाहिए थी, वहीं आरोप है कि कागजों में ही सब साफ कर दिया गया। फर्जी रिपोर्ट और फर्जी हस्ताक्षरों के खुलासे ने पूरे बाजार में आक्रोश की आग भड़का दी है।

शिकायत के बाद भी नहीं बदली तस्वीर

मामला फरेंदा क्षेत्र के धानी बाजार का है। वहां काली मंदिर परिसर में लंबे समय से कचरा जमा है। स्थानीय निवासी प्रतीक अग्रहरी ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। उम्मीद थी कि सफाई होगी, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस बनी रही।

फर्जी रिपोर्ट का आरोप, बढ़ा विवाद

आरोप है कि शिकायत के निस्तारण के नाम पर ब्लॉक धानी के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) ने फर्जी रिपोर्ट तैयार कर दी। रिपोर्ट में चार लोगों के हस्ताक्षर दिखाए गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पूरी तरह फर्जी बताया। इस खुलासे के बाद व्यापारियों में नाराजगी और तेज हो गई।

व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

बढ़ते आक्रोश के बीच व्यापार मंडल के अध्यक्ष बलराम अग्रहरी और महामंत्री अभिषेक अग्रहरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम शैलेन्द्र गौतम से मुलाकात की। व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपकर बाजार में नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने और दोषी अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

बीमारी का खतरा, प्रशासन को चेतावनी

व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि बाजार को साफ-सुथरा रखने के लिए स्थायी और ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

जांच के आदेश, सुधार का भरोसा

उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं और फर्जी रिपोर्ट की जांच कराने का आश्वासन भी दिया है।
इस दौरान व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष दीपक अग्रहरी, मंत्री अभिषेक अग्रहरी, मीडिया प्रभारी शनिदेव अग्रहरी और शिकायतकर्ता प्रतीक अग्रहरी समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  21 April 2026, 3:51 PM IST