
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम का सख्त रुख
महराजगंज: तहसील सदर सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 मामलों का निस्तारण जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही कर दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
डीएम ने तहसीलदार सदर को धारा-24 एवं धारा-116 से संबंधित मामलों में न्यायालय द्वारा जारी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन और मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च स्थान पर है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली और गलत रिपोर्ट लगाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने दो कानूनगो और दो लेखपालों को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानूनगो और लेखपाल शिकायतों में अस्पष्ट या भ्रामक रिपोर्ट लगाने से बचें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आखिर क्यों चर्चा में है बलिया पुल घाट? जानिए क्या हुआ महराजगंज में
इसके अलावा जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की रैंडम जांच कराई। जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा लिए गए फीडबैक में चार शिकायतकर्ताओं ने असंतोष व्यक्त किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 45 मामलों में राजस्व विभाग के 22, पुलिस विभाग के 13, विकास विभाग के 2 तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 6 June 2026, 5:01 PM IST
Topics : action DM Maharajganj Sampoorna Samadhan Diwas