हिंदी
CCTV में कैद हुई चोरी की कोशिश (Img: Pinterest)
Maharajganj: महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार में शनिवार देर रात चोरी की एक बड़ी वारदात का प्रयास सामने आया। चार पहिया वाहन से पहुंचे बदमाश एक परिसर के बाहर रखा जनरेटर चोरी करने की फिराक में थे, लेकिन उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। फुटेज के अनुसार, आरोपी पहले परिसर के आसपास की स्थिति का जायजा लेते हैं। इसके बाद वे कई बार बिजली की लाइट ऑन-ऑफ करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान उनकी एक गलती ने पूरी योजना पर पानी फेर दिया।
बताया जा रहा है कि बिजली के स्विच से छेड़छाड़ करते समय कई बार घर की डोरबेल भी बज गई। डोरबेल की आवाज सुनकर चोरों को आशंका हुई कि घर के लोगों को उनकी मौजूदगी का पता चल सकता है। इसी डर से उन्होंने जनरेटर चोरी करने की कोशिश छोड़ दी और मौके से फरार हो गए।
रात को हंसी-खुशी सोया था परिवार, सुबह कमरे का दरवाजा खुला तो सामने था दिल दहला देने वाला मंजर
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर जनरेटर अपने वाहन में लोड नहीं कर सके। कुछ देर तक मौके पर रुकने के बाद वे चार पहिया वाहन से वहां से निकल गए। हालांकि उनकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 5 July 2026, 3:11 PM IST