हिंदी
तालाब के दिखा मगरमच्छ (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जिले के मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के परासखांड टोला पोखरहवा स्थित एक तालाब में शनिवार सुबह मगरमच्छ दिखाई देने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब में मगरमच्छ होने की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तालाब के किनारे मगरमच्छ की मौजूदगी ने लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस तालाब में मगरमच्छ देखा गया है, उसमें कई लोगों ने मछली पालन कर रखा है। मगरमच्छ के तालाब में मौजूद रहने से मछली पालकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों का दावा है कि मगरमच्छ तालाब में मौजूद मछलियों को अपना शिकार बना रहा है, जिससे मछली पालकों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
Maharajganj Road Accident: फरेंदा में स्कूटी और आर्टिगा की जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार, एक की मौत
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद तालाब के आसपास लोगों की आवाजाही भी बढ़ गई है। ग्रामीण दूर से तालाब में मगरमच्छ को देखने की कोशिश करते नजर आए। वहीं, लोगों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि यदि मगरमच्छ तालाब से निकलकर आसपास के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया तो परेशानी बढ़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के आसपास अक्सर बच्चे और स्थानीय लोग आते-जाते रहते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोगों ने बच्चों को तालाब के आसपास नहीं जाने देने की अपील भी की है।
ग्रामीणों ने संबंधित वन विभाग एवं प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उनका कहना है कि मौके पर विशेषज्ञ टीम भेजकर तालाब में मौजूद मगरमच्छ की स्थिति का जायजा लिया जाए और उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके उपयुक्त प्राकृतिक स्थान पर पहुंचाया जाए।
Location : Maharajganj
Published : 29 August 2026, 8:02 PM IST
Topics : Crocodile Spotted Fish Farming forest department Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) wildlife