
अफसरों की समीक्षा करते मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जनपद की विकास योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग को लेकर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। योजनाओं की प्रगति प्रभावित होने और जनपद की रैंकिंग गिरने की स्थिति कतई स्वीकार्य नहीं होगी।
समीक्षा बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सीडीओ ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने फैमिली आईडी निर्माण कार्य को मिशन मोड में संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्धारित रोस्टर के अतिरिक्त बिजली कटौती किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि तय रोस्टर के बाद केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही विद्युत कटौती की जाए। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीडीओ ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति बेहतर करने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि योजनाओं की प्रगति में किसी भी तरह की ढिलाई न हो और उसका असर जनपद की रैंकिंग पर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में C और D श्रेणी का प्रदर्शन कदापि स्वीकार्य नहीं है। सभी विभाग अपनी कमियों को चिह्नित कर तत्काल सुधार करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें- Pratapgarh: बाइक सवार मनचलों ने घेरा, छात्रा ने चौकी में घुसकर बचाई जान
बैठक में डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 12 October 2026, 7:48 PM IST
Topics : CDO Mahendra Kumar Singh CM dashboard Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) UP Government schemes