
महराजगंज में राहत की रकम पर विवाद
Maharajganj: मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली पांच लाख रुपये की सहायता राशि में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के करमहां टोला छोटकी मैनहिया निवासी संजना चौधरी ने अभिषेक चौधरी व राहुल शर्मा पर सहायता राशि हड़पने और रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक संजना चौधरी के पति विजय प्रकाश चौधरी की दो जुलाई 2022 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद पीड़िता ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। आरोप है कि सहायता राशि दिलाने का भरोसा देकर उसके भतीजे अभिषेक चौधरी और धानी बाजार निवासी राहुल शर्मा ने एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, चेकबुक समेत अन्य दस्तावेज अपने पास ले लिए।
पीड़िता के अनुसार 23 जून 2023 को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये उसके बैंक खाते में आए। आरोप है कि उसकी जानकारी और सहमति के बिना खाते से राहुल शर्मा के खाते में नौ हजार, 90 हजार और 99 हजार रुपये अलग-अलग ट्रांसफर किए गए। पीड़िता ने शेष रकम के भी कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने सहायता राशि के बारे में जानकारी ली और रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने कथित तौर पर धमकी दी। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। बृजमनगंज पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3) और 61(2) के तहत अभिषेक चौधरी व राहुल शर्मा पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Location : Maharajganj
Published : 23 August 2026, 11:36 PM IST