“फायरिंग नहीं हुई…” फिर घायल की जांघ में कहां से आई गोली? महराजगंज पुलिस के दावे पर सवाल!

महराजगंज के एक गांव में पुरानी रंजिश अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई, लेकिन असली बवाल तब शुरू हुआ जब पुलिस के दावों पर ही सवाल उठने लगे। आखिर उस रात गांव में क्या हुआ था, किस बात को लेकर बढ़ा विवाद और क्यों पुलिस की भूमिका पर उठ रहे हैं सवाल?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 May 2026, 9:37 AM IST

Maharajganj: बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा चौकी अंतर्गत बिशुनपुर अदरौना गांव में गुरुवार की रात पुरानी जमीनी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और कथित फायरिंग में बदल गया। घटना में कई लोग घायल हुए, जबकि पुलिस के शुरुआती दावे अब सवालों के घेरे में आ गए हैं।

दोनों पक्षों में लंबे समय से चल रहा था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी भगौती यादव और तीजू यादव के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। गुरुवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई फिर लाठी-डंडे चले और उसके बाद कई राउंड फायरिंग होने का आरोप लगाया गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मुख्यमंत्री दौरे से पहले गोलियों की आवाज से गूंजा महराजगंज, बदमाशों ने योगी के क्राइम कंट्रोल को दी खुली चुनौती

घालय युवक के जांघ से निकाली गई गोली

घटना के बाद पुलिस ने दावा किया कि गांव में गोली नहीं चली है, लेकिन अब यह दावा खुद सवालों के घेरे में है। सूत्रों के मुताबिक घायल पिंटू की जांघ से गोली निकाली गई है। इसके अलावा अन्य घायलों के शरीर पर भी गोली लगने जैसे निशान बताए जा रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस मामले की गंभीरता को कम दिखाने और गोलीकांड की घटना को दबाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गोली नहीं चली तो घायल के शरीर से गोली कैसे निकली। इसी को लेकर बृजमनगंज थानेदार की कार्यशैली और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। गांव के लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पुलिस घटना की वास्तविकता स्वीकार करने के बजाय मामले को हल्का दिखाने में जुटी हुई है।

नाम बदलकर नाबालिग लड़की को भगाने वाले शाहरुख को मुजफ्फरनगर पुलिस ने मारी गोली, जानें कैसे दिया था वारदात को अंजाम

घटना में घायल लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

गांव में अतिरिक्त बल तैनात

सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस और लेहड़ा चौकी की टीम मौके पर पहुंची और गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है, लेकिन ग्रामीण निष्पक्ष कार्रवाई और गोलीबारी की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  15 May 2026, 9:37 AM IST