यात्रियों को नहीं होनी चाहिए असुविधा! आनंदनगर स्टेशन पहुंचे रेलवे जीएम, विधायक ने रखा 5 सूत्रीय मांगों का पिटारा

आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निरीक्षण से कई उम्मीदें जुड़ी हैं। अमृत भारत योजना के तहत हो रहे कामों के बीच विधायक वीरेन्द्र चौधरी ने पांच अहम मांगें सामने रखीं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 August 2026, 5:55 PM IST
google-preferred

Maharajganj: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शुक्रवार को उच्चाधिकारियों के साथ आनंदनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित इस स्टेशन पर उन्होंने यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई से लेकर पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा और प्लेटफार्म की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।

प्लेटफार्म से यात्री प्रतीक्षालय तक लिया जायजा

जीएम उदय बोरवणकर ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और यात्री प्रतीक्षालय का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई को बेहतर बनाए रखने, यात्रियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और स्टेशन परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सुविधाओं की नियमित निगरानी जरूरी है। प्लेटफार्म पर यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें- “पुलिस वाले अंकल! मैडम पढ़ाती नहीं, दिनभर फोन चलाती हैं”… थाने में फरियाद लेकर पहुंचा 12 साल का बच्चा

शिकायतों के निस्तारण पर भी जोर

निरीक्षण के दौरान यात्रियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ सुरक्षा इंतजामों को भी परखा गया। जीएम ने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना और उनका समाधान किया जाए। स्टेशन को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।

विधायक ने सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन

निरीक्षण के दौरान फरेंदा विधायक वीरेन्द्र चौधरी ने महाप्रबंधक को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख रेलवे समस्याओं और मांगों को सामने रखा। विधायक ने करीब 70 वर्षों से दुकान कर रहे 18 दुकानदारों को हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्हें दोबारा विस्थापित करने की मांग की।

इसके अलावा गेट संख्या 29 और 30 पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी गई। विधायक ने नौतनवा से मुंबई तक प्रतिदिन ट्रेन चलाने, गोरखपुर-आसनसोल ट्रेन का विस्तार कर उसे बढ़नी से चलाने तथा नकहा-नौतनवा ट्रेन को समय से संचालित करने की मांग भी की।

ये भी पढ़ें- 15 अगस्त को देश जश्न मना रहा था, ये लोग जान बचाकर भाग रहे थे… 79 साल बाद भी जिंदा है मीरपुर का दर्द

बताया गया कि महाप्रबंधक ने विधायक की मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। अब क्षेत्र के लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि इन मांगों में से किन पर रेलवे की ओर से आगे कदम बढ़ाया जाता है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम गौरव अग्रवाल, सत्य प्रकाश, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त समेत रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे। स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी, दया सागर दूबे सहित अन्य कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे। विधायक के साथ पूर्व चेयरमैन जय प्रकाश लाल, डॉ. राम नारायण चौरसिया, राजेश मौर्या और हनुमान प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  14 August 2026, 5:17 PM IST

Related News

Advertisement