
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
Maharajganj: उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगाए गए सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने और उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पहले सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश द्वारों पर छायादार इंतजाम करने पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से लखनऊ में परीक्षा की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
महराजगंज: चोरी के एक माह बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, कार्रवाई के लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित
बैठक में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
जनपद के लिए नामित जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां छह पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 5,760 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 34,560 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 4 June 2026, 8:42 PM IST
Topics : administration candidates to appear Maharajganj Maharajganj News UP Police Recruitment Exam