‘डार्लिंग… पेपर आउट करा दिया’, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और छात्रा की बातचीत से मचा बवाल

लखनऊ विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के शिक्षक और बीएससी छात्रा की कथित फोन बातचीत का ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। ऑडियो में शिक्षक छात्रा से 'पेपर आउट' कराने की बात कह रहा है। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को तहरीर दी है।

Updated : 16 May 2026, 8:37 AM IST
google-preferred

Lucknow: राजधानी स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय में शिक्षक और छात्रा के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। वायरल ऑडियो में विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के एक शिक्षक पर बीएससी की छात्रा को परीक्षा का पेपर आउट कराने का प्रलोभन देने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। वहीं पुलिस आरोपी प्रोफेसर से पूछताछ कर रही है।

फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो वायरल

बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो फोन पर हुई बातचीत का है। इसमें शिक्षक कथित तौर पर छात्रा से कहता सुनाई दे रहा है, “डार्लिंग तुम्हारे लिए पेपर आउट करा दिया है।” बातचीत में शिक्षक विश्वविद्यालय में चल रही परीक्षाओं के दो प्रश्नपत्र आउट कराने का जिक्र भी कर रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों और शिक्षकों के बीच चर्चा तेज हो गई।

लखनऊ विश्वविद्यालय को मिले नए कुलपति, प्रो. जय प्रकाश सैनी की हुई नियुक्ति; पढ़ें पूरी खबर

‘पेपर आउट’ कराने के दावे से मचा हड़कंप

मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। प्रशासन की ओर से थाना हसनगंज में आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों ने किया प्रदर्शन

वायरल ऑडियो के बाद छात्रों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली। देर शाम बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि यदि पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं तो मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है।

लखनऊ विश्वविद्यालय में नमाज विवाद पर हनुमान चालीसा पाठ… 13 छात्रों को पुलिस का नोटिस जारी, पढ़ें पूरा मामला

उधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी प्रोफेसर को लेकर पूछताछ कर रही है और वायरल ऑडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित तौर पर पेपर आउट कराने की बात में कितनी सच्चाई है और कहीं परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस दोनों ही पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। वायरल ऑडियो ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Lucknow

Published :  16 May 2026, 8:37 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement