लखनऊ यूनिवर्सिटी में फीस विवाद गरमाया, 5 छात्र सस्पेंड; 8 पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी को लेकर शुरू हुआ विरोध अब बड़ा विवाद बन गया है। छात्रों के सस्पेंशन और FIR के बाद कैंपस में तनाव और बढ़ गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 May 2026, 10:44 AM IST

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह शिक्षा या उपलब्धि नहीं बल्कि फीस बढ़ोतरी को लेकर हुआ बड़ा विवाद है। पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न छात्र संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों का आरोप था कि फीस में की गई बढ़ोतरी अनुचित है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

VC ऑफिस तक पहुंचा विरोध प्रदर्शन

28 अप्रैल को प्रदर्शनकारी छात्रों का आंदोलन उस समय उग्र हो गया जब कुछ छात्र स्पष्टीकरण मांगने के लिए कुलपति (VC) कार्यालय में जबरन प्रवेश कर गए। प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इसके बाद छात्र कुलपति की गाड़ी तक पहुंच गए और वहीं पर उनसे जवाब मांगने लगे।

इसी दौरान VC कार्यालय के कर्मचारियों और छात्रों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिससे परिसर में तनाव और बढ़ गया।

फतेहपुर में खूनखराबा: मामूली विवाद में युवक की हत्या, माता-पिता और भाभी को किया लहूलुहान

प्रशासन की सख्त कार्रवाई

घटना के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पांच छात्रों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही पांच वर्तमान छात्रों और तीन पूर्व छात्रों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अनुशासन और परिसर की शांति बनाए रखने के लिए जरूरी थी। उन पर अनाधिकृत धरना-प्रदर्शन, VC कार्यालय का घेराव, जबरन रोकने और प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

छात्र संगठनों का आरोप

दूसरी ओर, NSUI, समाजवादी छात्र सभा और AISA से जुड़े छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से फीस बढ़ोतरी के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार संवाद से बच रहा है और छात्रों की मांगों को अनसुना कर रहा है।

सुबह नीम के पेड़ से लटका मिला 19 साल की युवती का शव… क्या है वो राज, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया?

छात्रों का यह भी कहना है कि लगभग 15 दिनों से वे कुलपति और प्रशासन से बातचीत की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन देकर टाला जा रहा है। इसी कारण छात्रों का गुस्सा बढ़ा और आंदोलन तेज हुआ। सस्पेंशन और FIR के बाद कैंपस का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया है। छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  2 May 2026, 10:44 AM IST