UP Assembly Election 2027: सपा ने घोषणा पत्र के लिए क्यों चुना संविधान दिवस? अखिलेश यादव कल करेंगे बड़े ऐलान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी कल संविधान दिवस के मौके पर अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। इस मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव बड़ा चुनावी ऐलान कर सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सपा ने घोषणा पत्र के लिए संविधान दिवस को क्यों चुना?

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 November 2026, 5:57 PM IST

लखनऊ: अगले साल के शुरूआत में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) की सरगर्मियां दिनों दिन बढ़ती जा रही है। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे के लिए जारी बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी कल गुरूवार को संविधान दिवस के मौके पर अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। आखिर घोषणा पत्र को जारी करने के लिये संविधान दिवस का चयन सपा ने एक खास रणनीति के तहत किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसके पीछे की वजह भी बताई।

रहेंगे कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद

लखनऊ पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे। इस मौके पर पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में पीडीए को लेकर व्यापक घोषणाएं हो सकती हैं।

लुभाने का काम करेगी सपा

उत्तर प्रदेश में भाजपा को तीसरी बार सत्ता में लौटने से रोकने के लिये समाजवादी पार्टी अपने घोषणा पत्र में हर वो ऐलान कर सकती है। यह मतदाताओं और वर्ग विशेष को सपा के पक्ष में लुभाने का काम करेगी। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी महिलाओं, युवाओं, छात्रों, किसानों, गरीबों, दलित और वंचित लोगों को लेकर बड़ी घोषणाएं कर सकती है।

अखिलेश यादव कल करेंगे बड़े ऐलान (File Photo)

लोक लुभानव योजनाओं का ऐलान!

इसके अलावा समाजवादी पार्टी कई तरह की लोकलुभावन योजनाओं का भी ऐलान कर सकती है। जिसमें आम आदमी के साथ ही राज्य के विकास से लेकर सामाजिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, शिक्षा समेत तमाम क्षेत्रों को शामिल किया जा सकता है।

अलग-अलग घोषणा पत्र

जानकारी के मुताबिक, समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र भी जारी करेगी। जिसमें संबंधित जनपदों की जरूरतों और समस्याओं को एड्रेस किया जाएगा।

सुझावों पर आधारित घोषणा पत्र?

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गत दिनों कहा था कि पार्टी का घोषणा पत्र बनाने के लिये पार्टी के लोगों और राज्य की जनता से भी उनकी राय ली जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि सपा का यह घोषणा पत्र आम लोगों के सुझावों पर आधारित हो सकता है।

सपा ने संविधान दिवस को क्यों चुना?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर समाजवादी पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव के लिये 25 नवंबर का दिन यानी संविधान दिवस को क्यों चुना? इस सवाल का जवाब गत दिनों सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ पार्टी कार्यालय में खुद इस सवाल का जवाब दिया था। अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि भाजपा से संवैधानिक संस्थाओं को खतरा है। इसी खतरे को टालने और संविधान की रक्षा का प्रण लेने के लिये उनकी पार्टी संविधान दिवस पर अपना घोषणा पत्र जारी करेगी।

Location :  Lucknow

Published :  25 November 2026, 5:57 PM IST