UP Assembly Election 2027: चिराग पासवान की पार्टी ने तेज की चुनावी तैयारी, सीटों पर अरुण भारती का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। कानपुर पहुंचे सांसद एवं यूपी प्रभारी अरुण भारती ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर प्रतिक्रिया दी और सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 3:45 PM IST

कानपुर: एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में बिहार की जमुई लोकसभा सीट से सांसद और यूपी प्रभारी अरुण भारती बुधवार को सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संगठन को मजबूत बनाना मकसद

कानपुर पहुंचे सांसद एवं यूपी प्रभारी अरुण भारती ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके लिए लगातार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं के साथ बैठक

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की मंशा पहले ही जाहिर कर चुकी है। इसी को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें की जा रही हैं। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की जा रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि 28 नवंबर को रायबरेली में पार्टी का स्थापना दिवस 'बहुजन भीम संकल्प समागम' के रूप में मनाया जाएगा।

परिवार का मुखिया करेगा फैसला

वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी के चुनाव लड़ने वाली सीटों की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि शादी होगी तो बारात भी होगी और दूल्हा भी होगा। इसका फैसला संगठन और परिवार का मुखिया करेगा। यानी सीटों को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा।

Location :  Kanpur

Published :  25 November 2026, 3:45 PM IST