बलरामपुर में भेड़ों के झुंड में घुसा तेंदुआ, भगदड़ मचने से 88 की मौत और 13 घायल

बलरामपुर के गैसड़ी इलाके में आधी रात भेड़ों के बाड़े में तेंदुआ घुस गया। तेंदुए को देखकर मची भगदड़ में 88 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 4:10 PM IST

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में रविवार आधी रात एक तेंदुए की दस्तक ने गरीब भेड़ पालक परिवार की जिंदगी बदल दी। तेंदुआ अचानक भेड़ों के बाड़े में घुस गया, जिसके बाद करीब 200 भेड़ों के झुंड में ऐसी दहशत फैली कि भगदड़ मच गई। इस घटना में 88 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 13 भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गई। सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

बाड़े में घुसा तेंदुआ, डर से भागने लगीं भेड़ें

यह घटना नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड नंबर-10 खदगौरा की है। यहां रहने वाले कन्हैयालाल पाल और उनके भाई विजय पाल ने बताया कि उन्होंने अपनी भेड़ों को रात में चारदीवारी से घिरे बाड़े में बांध रखा था।

रात करीब 12 बजे के आसपास अचानक एक तेंदुआ बाड़े में घुस आया। तेंदुए को देखकर भेड़ों में अफरा-तफरी मच गई और सभी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। इस दौरान कई भेड़ें एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं, जबकि तेंदुए ने भी कुछ भेड़ों पर हमला कर दिया। सुबह जब परिवार बाड़े में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। 88 भेड़ें मृत पड़ी थीं और 13 घायल हालत में मिलीं।

गरीब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट

भेड़ों की इतनी बड़ी संख्या में मौत के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कन्हैयालाल और विजय पाल ने बताया कि भेड़ पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है।उन्होंने कहा कि एक रात में उनका वर्षों का सहारा खत्म हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और वन विभाग से मृत भेड़ों का उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति संभल सके।

इलाके में फैली तेंदुए की दहशत

घटना के बाद पूरे इलाके में तेंदुए को लेकर डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी लोगों के लिए खतरा बन गई है। लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय अब लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।

पुलिस और वन विभाग ने शुरू की जांच

पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी गैसड़ी कोतवाली पुलिस और विकास खंड गैसड़ी के पशु चिकित्साधिकारी को लिखित शिकायत देकर दी है। गैसड़ी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके पर पुलिस बल भेजकर जांच कराई जा रही है। वहीं रामपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत तेंदुए के हमले के साथ-साथ डर के कारण हुई भगदड़ से भी हो सकती है।

Location :  Balrampur

Published :  24 August 2026, 4:10 PM IST