45 करोड़ की ‘देवी योजना’ से बदलेगा मंदिर का चेहरा… महराजगंज में शुरू होगा आस्था का सबसे बड़ा कॉरिडोर

महराजगंज में मां लेहड़ा देवी मंदिर को 45 करोड़ की लागत से भव्य कॉरिडोर में बदला जाएगा। परियोजना में आधुनिक सुविधाएं, घाटों का सौंदर्यीकरण और लाइट एंड साउंड शो शामिल हैं। इससे धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, साथ ही क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 June 2026, 4:43 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जनपद के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल मां लेहड़ा देवी मंदिर को अब एक भव्य और आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित लेहड़ा देवी कॉरिडोर परियोजना के तहत पूरे मंदिर परिसर को विश्वस्तरीय धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

यह परियोजना जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की पहल पर आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए सीएनडीएस द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है, जिसे अब शासन की स्वीकृति के लिए अंतिम चरण में भेजा जा रहा है।

श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र

मां लेहड़ा देवी मंदिर पूर्वांचल और नेपाल के तराई क्षेत्र के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। पूरे वर्ष यहां भक्तों का आवागमन बना रहता है, जबकि नवरात्रों के दौरान लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा परिसर

परियोजना के तहत मंदिर परिसर को अर्धचंद्राकार कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्य प्रवेश द्वार को भव्य रूप दिया जाएगा। परिसर में प्रसाद कक्ष, श्रद्धालु विश्राम कक्ष, जूता-चप्पल गृह, फर्स्ट एड सेंटर, सुरक्षा कक्ष, यूटिलिटी रूम और सीसीटीवी आधारित सुरक्षा प्रणाली जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

साथ ही आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, सुव्यवस्थित दुकानें और बेहतर यातायात प्रबंधन भी विकसित किया जाएगा ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और श्रद्धालुओं को सुविधा मिले।

सांस्कृतिक और स्थापत्य सौंदर्य का संगम

मंदिर परिसर को पारंपरिक भारतीय स्थापत्य शैली में लाल बलुआ पत्थरों से सजाया जाएगा। परिसर की दीवारों और परिधि पर देवी-देवताओं की मूर्तियां और भारतीय संस्कृति की कलात्मक नक्काशी इसे और भव्य बनाएगी।

सरोवर, घाट और लाइट एंड साउंड शो

परियोजना में मंदिर परिसर के सरोवर और घाटों का व्यापक सौंदर्यीकरण शामिल है। जलाशयों की स्वच्छता के लिए आधुनिक नैनो बबल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से मां लेहड़ा देवी की महिमा और मंदिर का इतिहास प्रदर्शित किया जाएगा।

Mirzapur: मिर्जापुर में सराफा व्यापारी लूटकांड में बड़ा खुलासा, तीन गिरफ्तार; जानिये कैसे रची थी खौफनाक साजिश?

रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

जिलाधिकारी ने बताया कि यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा। इससे स्थानीय रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही महाराजगंज को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान प्राप्त होगी।

Location :  Maharajganj

Published :  30 June 2026, 4:42 PM IST