
प्रतिमा विसर्जन जुलूस में मारपीट
Kolhui: महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा-परसौनी गांव में बुधवार की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि विसर्जन जुलूस में महिलाओं के बीच गांव का ही एक युवक पहुंचकर डांस करने लगा। इस पर जुलूस में शामिल लोगों ने उसे मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आशीष पर हमले का आरोप
आरोप है कि युवक के पक्ष के लोगों ने गोलबंद होकर आशीष पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों में आक्रोश फैल गया।
हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम
घटना से नाराज श्री श्री नवदुर्गा पूजा समिति पिपरा-परसौनी के लोगों ने प्रतिमा विसर्जन रोक दिया। इसके बाद पिपरा-परसौनी के पास दुर्गा प्रतिमा सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे पर खड़ी कर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। सड़क पर दर्जनों की संख्या में लोग जमा हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने का प्रयास
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर कायम हैं।पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
Location : Kolhui
Published : 21 October 2026, 8:59 PM IST
Topics : Kolhui News Pipra Parasauni News UP News