
परिजनों ने युवक पर लगाया आरोप
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किशोरी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजन कोल्हुई थाने पहुंचे और गांव के ही एक युवक के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया कि वही किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
तहरीर मिलने के बाद कोल्हुई पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही युवक की तलाश भी तेज कर दी गई है।
कोल्हुई थाना प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 5 August 2026, 12:37 AM IST