
आरोपी
Muzaffarnagar : जिले में साइबर क्राइम पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपये से ज्यादा की बीमा मैच्योरिटी राशि हड़पने वाले गैंग के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि बीमा कंपनी के चेक में कूटरचना कर पूरी रकम फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल साइबर फ्रॉड के खुलासे के बाद पुलिस ने अब गैंग के मास्टरमाइंड को भी कानून के शिकंजे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार हरिद्वार निवासी एक महिला ने वर्ष 2019 में बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस की पॉलिसी ली थी। पॉलिसी की अवधि पूरी होने के बाद कंपनी ने करीब 60.37 लाख रुपये का मैच्योरिटी चेक ब्लू डार्ट कूरियर के माध्यम से भेजा था। आरोप है कि चेक रास्ते में ही धोखाधड़ी से गायब कर दिया गया। इसके बाद चेक में कूटरचना कर उसे मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र की एक महिला के बैंक खाते में जमा कराया गया और पूरी रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल ली गई।
मामले की जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने इससे पहले इस संगठित गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच आगे बढ़ने पर गैंग के सरगना अहतेशाम की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संगठित गिरोह के सरगना अहतेशाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 12 July 2026, 8:44 PM IST