
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे डीएम संतोष कुमार शर्मा एसपी शक्ति मोहन अवस्थी
Maharajganj: फरेंदा के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, खजुरिया में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। विद्यालय परिसर में एक 14 वर्षीय छात्रा की जहरीले जीव के काटने से अचानक मौत हो गई, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृत छात्रा की पहचान कल्याणी (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कल्याणी स्कूल परिसर में लगे हैंडपंप से पानी भर रही थी। इसी दौरान अचानक किसी विषैले जीव ने उसकी पैर की उंगली में काट लिया। शुरुआत में उसने इसे मामूली समझा, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे और गला सूखने की शिकायत होने लगी, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
छात्रा की हालत बिगड़ते देख विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्टाफ ने उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय, महराजगंज पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल जाकर चिकित्सकों से भी पूरे मामले की जानकारी ली।
प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए हैं। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, कीटनाशक छिड़काव और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इस दर्दनाक हादसे के बाद विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है। छात्राएं और शिक्षक भयभीत हैं, जबकि मृत छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर गहरा दुख और चिंता व्याप्त है।
Location : Maharajganj
Published : 14 April 2026, 8:20 AM IST