
जांच में जुटीं एसओजी और फोरेंसिक टीम (Image Source: Dynamite New)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में चोरों ने एक ही रात में दो बंद मकानों को निशाना बनाया। घटना थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम सरावल की है। एक मकान मालिक ने 11 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का दावा किया है। रविवार सुबह जब मकान मालिक घर पहुंचा तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं।
ग्राम सरावल निवासी जयसिंह पुत्र पुन्नीलाल के मुताबिक, 28 नवंबर की रात परिवार के सभी सदस्य दूसरे मकान पर थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में घुस गए और अंदर रखी अलमारी को खंगाल डाला।
Bhadohi News: महिला आरक्षण पर बृज भूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, बोले- कमान से निकल चुका तीर
जयसिंह ने बताया कि अलमारी में रखे 11 लाख रुपये नकद, सोने की तीन जंजीर, तीन अंगूठियां और करीब आधा किलो चांदी के लच्छे चोरी हो गए। सुबह करीब छह बजे जब वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त था और नकदी व जेवरात गायब थे।
सरावल गांव में दो घरों में चोरी (Image Source: Dynamite News)
इसी रात चोरों ने गांव के मोहरमपाल सिंह के बंद मकान को भी निशाना बनाया। बताया गया कि मोहरमपाल सिंह दिल्ली में रहते हैं। उनका मकान बंद था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि वारदात से पहले चोरों ने मकानों की रेकी की होगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, एसओजी प्रभारी दिनेश सिंह और गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चमन कुमार गोस्वामी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक और सर्विलांस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान उसी अलमारी में कपड़े में बंधे सवा लाख रुपये, चांदी के सिक्के, पायल और सोने की हाय भी मिली हैं। पुलिस अलमारी में मिले सामान और पीड़ित की ओर से बताई गई चोरी की संपत्ति के संबंध में जांच कर रही है। पीड़ित ने 29 नवंबर को थाना सिढ़पुरा में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ताला तोड़कर घर में चोरी (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur News: बेटी को जन्म देने के बाद बदला ससुरालियों का रवैया, मारपीट कर घर से निकाला
क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने बताया कि सरावल में दो मकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। वारदात के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस, थाना सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा पुलिस को शामिल करते हुए संयुक्त टीम गठित की गई है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
वहीं, एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि गांवों में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस फिलहाल विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
Location : Kasganj
Published : 29 November 2026, 7:48 PM IST