
अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस(image: dynamite news)
Kasganj: जनपद में किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी व अनियमित बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान जिले के पांच खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इनमें दो प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से छह नमूने भी एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी सोरों, साहू ट्रेडर्स सहावर, मां दुर्गा किसान सेवा केंद्र याकूतगंज, प्रगति खाद बीज भंडार मीरापुर और एग्री जंक्शन सोरों का जायजा लिया गया। जांच में मां दुर्गा किसान सेवा केंद्र याकूतगंज और प्रगति खाद बीज भंडार मीरापुर पर कई अनियमितताएं सामने आईं। दोनों प्रतिष्ठानों पर निर्धारित स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाए गए। इसके अलावा उर्वरक स्टॉक और बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं थे तथा संबंधित अभिलेख भी अपूर्ण मिले।
इन कमियों को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और शासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें निर्धारित समयावधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, किसानों को गुणवत्तापूर्ण रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से छह उर्वरक नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों की जांच के आधार पर उर्वरकों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा।
खाद की दुकानों पर छापेमारी, दो प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस (Img: Dynamite News)
प्रशासन की ओर से जनपद के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित दरों पर ही खाद की बिक्री करें। प्रत्येक विक्रय केंद्र पर उपलब्ध उर्वरक का स्टॉक और बिक्री दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर समेत सभी आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखें। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kasganj
Published : 16 November 2026, 7:42 PM IST
Topics : Fertilizer black marketing Fertilizer Inspection fertilizer quality Fertilizer Raid kasganj news