
कासगंज में तमंचे की सफाई के दौरान हुआ बड़ा हादसा (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Kasganj: बुधवार को घर में बैठकर तमंचे की सफाई करना दोस्त के लिए मुसीबत बन गया। तमंचा साफ करते समय अचानक गोली चल गई और पास बैठे दोस्त की जांघ को चीरती हुई निकल गई। गोली की आवाज से घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना सहावर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुगल की है।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला मुगल निवासी अहमद पुत्र आरिफ बुधवार को घर पर तमंचा साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक तमंचे से गोली चल गई। पास में ही बैठे उसके दोस्त रूमान पुत्र ओसाद को संभलने तक का मौका नहीं मिला और गोली उसकी जांघ में जा लगी।
गोली लगने से घायल युवक अस्पताल में भर्ती (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
अचानक फायर होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। हादसे के बाद अहमद मौके से फरार हो गया।खून से लथपथ रूमान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा अवैध है। ऐसे में गोली चलने की घटना के साथ ही अवैध असलहे का मामला भी सामने आया है। पुलिस आरोपी अहमद और घटना में इस्तेमाल किए गए तमंचे की तलाश कर रही है।
क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। आरोपी अहमद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उन्होंने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
Location : Kasganj
Published : 26 November 2026, 1:04 AM IST