Kartik Purnima 2026: कानपुर के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजा सरसैया घाट

Kartik Purnima 2026: कानपुर के सरसैया घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के तीन बजे से भक्त गंगा स्नान, सूर्य को अर्घ्य और तुलसी पूजन कर रहे हैं। घाटों पर भंडारे के आयोजन के साथ शाम को दीपदान की तैयारी है। सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैद है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 November 2026, 12:27 PM IST

Kanpur News: कार्तिक पूर्णिमा पर कानपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां सुबह होते ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कोई मोक्षदायिनी मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य की कामना कर रहा था तो कोई सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना में जुटा था। घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सरसैया घाट समेत शहर के अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान के लिए भक्तों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।

सरसैया घाट पर तड़के से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कानपुर के सरसैया घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सूरज की पहली किरण के साथ घाटों पर भीड़ और बढ़ती चली गई। शहर के अलावा आसपास के जिलों और दूरदराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे।

घाट पर हर तरफ भक्ति का माहौल नजर आया। श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद तुलसी पूजन और पूजा-पाठ करते दिखाई दिए। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा था। पूरे घाट परिसर में धार्मिक गतिविधियों के चलते माहौल भक्तिमय बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व

सरसैया घाट के पंडित कृष्ण कुमार दीक्षित ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। चातुर्मास समाप्त होने के साथ ही भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और इसके बाद शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। इसी धार्मिक मान्यता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह तीन बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे।

कानपुर के गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब (Image: Dynamite News)

हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को बेहद महत्वपूर्ण तिथि माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा समेत अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से जाने-अनजाने में किए गए पापों से मुक्ति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है।

स्नान के साथ दान और पूजा-पाठ का भी महत्व

कार्तिक महीने में स्नान, दान और पूजा-पाठ का विशेष महत्व माना जाता है। यही वजह है कि पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह रहता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन देवता पृथ्वी पर आते हैं। इसी वजह से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है।

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु सूर्य देव को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वहीं, शाम को घाटों पर दीपदान की परंपरा निभाई जाएगी। श्रद्धालु गंगा किनारे दीप जलाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद

गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है, जिससे गंगा स्नान के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Location :  Kanpur

Published :  24 November 2026, 12:27 PM IST