
कांवड़ यात्रा के मौके पर एसटीएफ और भारी पुलिस बल तैनात (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा के साथ रामपुर तिराहा और बागोंवाली कट सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए।
मीडिया से बातचीत में एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार कांवड़ यात्रा की तैयारियां पिछले तीन महीनों से लगातार की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को सुरक्षित, भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अनावश्यक शोर-शराबे पर नियंत्रण रखा जाएगा।
एडीजी ने बताया कि शासन द्वारा कांवड़ की ऊंचाई, चौड़ाई और अन्य निर्धारित मानकों का पालन कराया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों और अन्य लोगों के खिलाफ चालान के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar कांवड़ यात्रा: फूलों की बारिश से महका यात्रा मार्ग, जनप्रतिनिधियों ने किया शिवभक्तों का भव्य स्वागत
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एटीएस (ATS) के कमांडो, एसटीएफ (STF) की विशेष टीमें, पीएसी और भारी पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर भी लगातार नजर रख रही है। एडीजी ने बताया कि अब तक 700 से अधिक आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट हटाई जा चुकी हैं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: शादी के बाद खुला बड़ा राज? नाम बदलने के आरोप से मचा हंगामा
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि कांवड़ियों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
Location : Muzaffarnagar
Published : 7 August 2026, 4:45 PM IST
Topics : Kanwar Yatra 2026 muzaffarnagar news UP Police