तकनीक फेल या मौसम का खेल? जानें कौन थे कानपुर प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले 2 पायलट, ये बड़े अनुभव भी न आ सके काम

Kanpur Aircraft Crash: कानपुर में गर्ग एविएशन का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में गुजरात के इंस्ट्रक्टर सुमित भाटिया और कर्नाटक के ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत। जांच में जुटी टीम। जानिए पूरी घटना!

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 August 2026, 1:22 PM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दुखद और बड़े हादसे की खबर सामने आई है। कानपुर में गुरुवार दोपहर उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक हादसे का शिकार हो गया। गंगा किनारे बसे नत्था पुरवा गांव के पास तेज धमाके के साथ विमान जमीन पर जा गिरा। हादसे की भीषण आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

कौन थे हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पायलट?

विमान दुर्घटना में दो पायलटों की जान चली गई। मृतकों की पहचान गुजरात के रहने वाले सुमित भाटिया और कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। सुमित भाटिया मुख्य प्रशिक्षक (इन्स्ट्रक्टर) थे, जिनके पास 3,000 घंटे की उड़ान का लंबा और समृद्ध अनुभव था। वहीं, कर्नाटक के अभिषेक पुजारी उनके शिष्य थे और गर्ग एविएशन से फिलहाल फ्लाइंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।

मलबे से निकाले गए पायलट, मौके पर ही थमीं सांसें

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे से दोनों को निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया और उच्च अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी।

Kanpur Plane Crash: गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दोनों पायलट की मौत

इटली निर्मित 'टेकनम' एयरक्राफ्ट के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच जारी

हादसे का शिकार हुआ एयरक्राफ्ट इटली की विनिर्माता कंपनी 'टेकनम' का था। यह विमान गर्ग एविएशन नाम की फ्लाइंग एकेडमी का था, जो साल 2023 से कानपुर में पायलटों को ट्रेनिंग देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। विमान किस वजह से क्रैश हुआ तकनीकी खराबी, अचानक मौसम का बिगड़ना या कोई अन्य वजह इसके सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है। नागरिक उड्डयन विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर छानबीन में जुटे हैं।

Location :  Kanpur

Published :  27 August 2026, 1:22 PM IST