
कानपुर में सड़क पर निकला ‘खतरा
Kanpur: जनपद में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच व इलाकों में जलभराव के चलते सड़कों के आसपास मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वायरल वीडियो NRI सिटी के पास का बताया जा रहा है, जहां सड़क किनारे मगरमच्छ दिखाई देने के बाद राहगीरों के बीच हलचल मच गई। हालांकि डाइनामाइट न्यूज़ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
नवाबगंज क्षेत्र स्थित एनआरआई सिटी के पास सड़क किनारे मगरमच्छ देखे जाने के बाद हड़कम्प मच गया. मगरमच्छ दिखते ही राहगीर कुछ देर के लिए वहीं रुक गए. इसी दौरान लोगों ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो में देख सकते हैं कि मगरमच्छ सड़क किनारे मुंह खोले हुए गुस्सेल रूप में दिखाई दे रहा है. आसपास से गुजर रहे लोग गाड़ियों की रफ्तार धीमी कर उसे देखते नजर आए. जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई. कई राहगीर अपनी गाड़ियों से रुककर मगरमच्छ को देखने लगे। लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ डर का माहौल भी दिखाई दिया। एनआरआई सिटी के नजदीक मगरमच्छ मिलने से स्थानीय लोग सतर्क हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी और आसपास के इलाकों में जलभराव के चलते मगरमच्छ पानी से निकलकर किनारे की तरफ आ रहे हैं। ऐसे में सड़क और रिहायशी इलाकों के आसपास इनकी मौजूदगी लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है।
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद राहगीरों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी और मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से वहां से हटाया जाएगा।
Location : Kanpur
Published : 6 September 2026, 2:05 AM IST