
कानपुर में दिलदहलाने वाली वारदात (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Kanpur: जनपद के पनकी थाना क्षेत्र में लूट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। छीनाझपटी का विरोध करने पर बदमाशोंने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। परिजन युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र का मामला है। मृतक की पहचान महावीर नगर निवासी तेजवीर सिंह (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक रावतपुर स्थित एक साइट से काम कर देर शाम घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनसे छीनाझपटी करने लगे। बदमाशों ने मृतक के तीन हजार रुपये छीन लिए। मृतक के विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर उन्हें सड़क किनारे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए।
मृतक की फाइल फोटो
इसी दौरान बाजार सब्जी लेने जा रही उनकी पत्नी मीना की नजर सड़क किनारे पड़े पति पर पड़ी। पति की हालत देख वह चीख पड़ीं और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल हैलट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान तेजवीर ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मृतक मूल रूप से अलीगढ़ जिले के थाना सिमरधारी क्षेत्र के गांव तरसरा के निवासी थे। वह अपने पीछे मां किरण, बेटा शिव तथा बेटियां शिवानी और डोली छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Kanpur
Published : 14 May 2026, 3:47 PM IST