हिंदी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर ने बांटे गर्म कम्बल
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात में लगातार बढ़ती कड़ाके की ठंड को देखते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर ने बुधवार को मानवीय पहल करते हुए जरूरतमंदों की मदद की। रूरा क्षेत्र के भटौली गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बुजुर्गों, असहायों व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को गर्म कम्बल वितरित किए।
कम्बल वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर ने कहा कि वर्तमान समय में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे सबसे अधिक परेशानी गरीब, बुजुर्ग और असहाय लोगों को हो रही है। ऐसे में उन्होंने अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए।
उन्होंने बताया कि ठंड से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से करीब 100 गर्म कम्बल भटौली गांव में वितरित किए गए हैं। इसके अलावा जनपद के अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर ठंड से ठिठुर रहे लोगों को मेरे द्वारा गर्म कम्बल देकर राहत पहुंचाई जा रही है, आगे बताया कि जरूरत पड़ने पर ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे। अम्बरीष सिंह गौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनसेवा और गरीबों के हित में काम करती रही है और भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्य किए जाते रहेंगे।
गर्म कम्बल पाकर खिले गरीबों के चेहरे
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस भीषण ठंड में कम्बल मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। बुजुर्गों और जरूरतमंदों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ नजर आई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों को संबल प्रदान करते हैं।
Location : Kanpur Dehat
Published : 31 December 2025, 2:00 PM IST
Topics : blanket Coldwave Congress Kanpur dehat rura news