हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Kanpur: कानपुर कैंट इलाके में हुए चांदनी हत्याकांड में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी विनोद ने चांदनी को तमंचे से गोली मारकर हत्या करने की बात कबूल की है। मामले में एक अन्य आरोपी अंशु की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और तीसरे आरोपी की संलिप्तता को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चांदनी करीब दो साल से अपने मायके में रह रही थी। उसे वापस ससुराल लाने को लेकर पति संतोष और उसके परिवार के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, संतोष कई बार चांदनी को समझाकर घर वापस लाने का प्रयास कर चुका था, लेकिन दोनों के बीच समझौता नहीं हो पाया।
आरोपी विनोद ने पूछताछ में बताया कि संतोष चांदनी के मायके में रहने से परेशान था।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन चांदनी की छोटी बहन सरोजनी का पति संतोष उसे लेने के लिए पहुंचा था, लेकिन चांदनी उसके साथ जाने के लिए तैयार नहीं हुई। आरोप है कि संतोष के नशे में होने के कारण परिवार के लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद वह वहां से माल रोड चला गया।
वहां उसने अपने छोटे भाई विनोद और चचेरे भाई अंशु के साथ शराब पी। इसके बाद तीनों दो बाइकों से सरोजनी के घर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, जब तीनों वहां पहुंचे तो सरोजनी घर पर नहीं मिली। उन्होंने चांदनी से उसके बारे में पूछा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान विरोध करने पर विनोद ने तमंचे से चांदनी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में विनोद ने एक गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान विनोद के चेहरे पर किसी तरह की शिकन नजर नहीं आई। जब उससे जेल से बाहर आने के बाद सरोजनी से बदला लेने की बात पूछी गई तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल तमंचे की खरीद और उसके स्रोत की जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने यह तमंचा उन्नाव से खरीदा था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले से तमंचा लेकर इलाके में घूमता था और उसके जरिए लोगों पर रौब जमाता था।
फिलहाल पुलिस तीसरे आरोपी अंशु की भूमिका और वारदात में उसकी भागीदारी की जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 1 September 2026, 4:57 PM IST
Topics : Chandni Murder Case Kanpur Kanpur Cantt Murder Case Kanpur Crime News Kanpur Police Action UP Crime News