लोन लेकर खरीदा था आशियाना, अब आंखों में आंसू, कानपुर हादसे ने छीनी कई परिवारों के सिर से छत

कानपुर के काकादेव स्थित हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट के बेसमेंट की जमीन धंसने से इमारत एक तरफ झुक गई। हादसे के बाद मचे हड़कंप के बीच पुलिस और एसडीआरएफ ने 13 फ्लैटों से 55 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। निवासी इस घटना के लिए अवैध खुदाई और मेट्रो निर्माण को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जिसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 11:55 AM IST

Kanpur: कानपुर के काकादेव इलाके में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नवीननगर एम ब्लॉक स्थित हार्मनी डीलक्स अपार्टमेंट के बेसमेंट की जमीन अचानक धंस गई, जिससे ग्राउंड फ्लोर की एक दीवार भरभराकर गिर गई। देखते ही देखते इमारत एक तरफ झुक गई और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बेसमेंट में खड़ी कई बाइक और स्कूटी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

एक घंटे चला रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में अपार्टमेंट के 13 फ्लैटों में रहने वाले 55 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरी इमारत खाली करा दी है। केडीए अधिकारियों का कहना है कि इमारत एक तरफ झुक गई है, इसलिए विस्तृत तकनीकी जांच होने तक इसमें रहना सुरक्षित नहीं है।

बेसमेंट की खुदाई और मेट्रो निर्माण पर उठे सवाल

अपार्टमेंट के निवासियों ने हादसे के लिए बेसमेंट में चल रही गहरी खुदाई और मेट्रो परियोजना को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि कई दिनों से नियमों के विपरीत खुदाई की जा रही थी, जिसकी शिकायत संबंधित विभागों से की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। वहीं मेट्रो प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टनल निर्माण का काम जनवरी 2026 में ही पूरा हो चुका था। टीम के अनुसार, मौके पर बेसमेंट में पानी भरा मिला और वहां अवैध खुदाई के भी संकेत मिले हैं।

Kanpur: मासूम छात्र की मौत, दोस्तों और परिवार को लेकर नोट में लिखी आखिरी बातें

केडीए और बिल्डर के दावे आमने-सामने

केडीए ने बताया कि अपार्टमेंट का नक्शा स्वीकृत है, लेकिन हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। दूसरी ओर बिल्डर का कहना है कि बेसमेंट में बनाया जा रहा अतिरिक्त रास्ता हादसे की वजह नहीं है और पूरी घटना के लिए मेट्रो निर्माण जिम्मेदार है। अब जांच के बाद ही असली कारण साफ हो सकेगा।

फ्लैट मालिकों का दर्द, जांच के आदेश

हादसे के बाद कई परिवारों की महिलाओं की आंखों में आंसू थे। उनका कहना है कि बैंक से लोन लेकर फ्लैट खरीदा था, अब रहने का घर भी नहीं बचा। गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मौके का निरीक्षण कर विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बिल्डर या किसी विभाग की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने सभी निवासियों का विवरण तैयार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।

Location :  Kanpur

Published :  4 July 2026, 11:55 AM IST