होटल के कमरों में लगा था हिडन कैमरा, चोरी-छिपे बनाए जाते थे वीडियो; पुलिस एक दिन खुद ग्राहक बनकर पहुंची

कानपुर के रावतपुर स्थित होटल रिद्धि पैलेस में पुलिस ने जिस्मफरोशी रैकेट और हिडन कैमरा नेटवर्क का खुलासा किया। होटल के 10 कमरों में टीवी एडॉप्टर के अंदर कैमरे लगे थे। संचालक प्रमोद गुप्ता ग्राहकों के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर वेबसाइटों को बेचता था। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 May 2026, 8:17 AM IST

Kanpur: कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित विनायकपुर के होटल रिद्धि पैलेस में पुलिस ने छापेमारी कर बड़े जिस्मफरोशी रैकेट और हिडन कैमरा नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने होटल संचालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला कि होटल के सभी 10 कमरों में गुप्त कैमरे लगाए गए थे, जिनकी मदद से ग्राहकों के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे।

ढाई महीने पहले किराये पर लिया था होटल

पुलिस के अनुसार होटल संचालक प्रमोद गुप्ता ने करीब ढाई महीने पहले होटल किराये पर लिया था। उसने हर कमरे में टीवी के सेट टॉप बॉक्स के एडॉप्टर के अंदर हिडन कैमरे फिट कर रखे थे। इन कैमरों से कमरे में आने वाले युवक-युवतियों के निजी वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे।

मोबाइल में मिले 250 अश्लील वीडियो

छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रमोद गुप्ता का मोबाइल जब्त किया। शुरुआत में वह मोबाइल का पासवर्ड बताने में आनाकानी करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद फोन खुलवाया गया। मोबाइल की गैलरी में होटल के कमरों में रिकॉर्ड किए गए करीब 250 अश्लील वीडियो मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन वीडियो को विभिन्न अश्लील वेबसाइटों को बेचता था।

गरीब युवतियों को फंसाकर कराया जाता था देह व्यापार

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार की गई तीन महिलाएं फैक्ट्रियों में काम करने वाली गरीब और नई उम्र की युवतियों को पैसों का लालच देकर इस धंधे में लाती थीं। एक ग्राहक के साथ भेजने पर युवतियों को करीब 500 रुपये दिए जाते थे, जबकि ग्राहकों से 1000 से 1500 रुपये तक वसूले जाते थे। बाकी रकम होटल संचालक और दलालों में बांट दी जाती थी।

UP Weather Today: यूपी के 17 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, कानपुर-वाराणसी समेत कई शहरों में बदलेगा मौसम

पुलिसकर्मी बना ग्राहक, फिर मारा छापा

रैकेट की सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच और रावतपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर होटल भेजा गया। वहां उससे पहले 1200 रुपये मांगे गए, लेकिन बाद में 1000 रुपये में सौदा तय हुआ। सूचना पुख्ता होते ही बाहर मौजूद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मार दिया।

Lucknow Crime: शक के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या, फिर खुद पहुंचा थाने

पांच आरोपी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान तीन कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने होटल संचालक प्रमोद गुप्ता समेत अंबिका, प्रीति सिंह, मीनू और किरन को गिरफ्तार किया है। वहीं, पूछताछ के बाद युवक-युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Location :  Kanpur

Published :  16 May 2026, 8:17 AM IST