
महेंद्र सिंह तंवर ने संभाली कमान (IMG: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर नगर को नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को कानपुर पहुंचकर जिले के 59वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कोषागार में औपचारिक रूप से चार्ज लेने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जिले में चल रहे कामकाज की जानकारी ली।
कार्यभार संभालने के बाद डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों और कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, कार्यालयों की व्यवस्थाओं और लंबित मामलों के निस्तारण की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय भी प्राप्त किया। डीएम ने अधिकारियों को सरकारी कामकाज में समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कार्यभार संभालने के बाद नवीन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएम ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में विकास और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उनका जोर इस बात पर रहेगा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।
महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि कानपुर की स्थानीय जरूरतों और चुनौतियों को समझकर विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने पर जोर रहेगा।
पिज्जा से बिरयानी तक… कानपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी, कहीं कीड़े वाला आटा तो कहीं गंदा तेल मिला
महेंद्र सिंह तंवर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। कानपुर नगर जिलाधिकारी के तौर पर उनके करियर की तीसरी जिला जिम्मेदारी है। इससे पहले वह संतकबीरनगर और कुशीनगर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा वह गाजियाबाद में नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और शाहजहांपुर में मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए अब कानपुर में उनके सामने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी होगी।
Location : Kanpur
Published : 23 September 2026, 6:24 PM IST