
आवारा मवेशियों के झुंड को किसानों ने बंद किया
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के झींझक विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत किशौरा गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर आवारा सांड ने हमला बोल दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पहले उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने घायल किसान को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
आवारा मवेशियों के हमले से किसान हुआ घायल
जानकारी के मुताबिक किशौरा गांव निवासी शिवकांत प्रजापति (54) पुत्र बाबूलाल प्रजापति गुरुवार रात अपने करीब एक बीघा खेत की रखवाली कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे खेत में घुसे आवारा सांड को भगाने का प्रयास कर रहे थे, तभी सांड अचानक हमलावर हो गया। सांड ने किसान को दौड़ाकर सींग मार दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
आक्रोशित किसानों ने आवारा मवेशियों को पंचायत घर में किया कैद
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और किसी तरह सांड से उन्हें बचाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण घायल किसान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल किसान के परिजनों ने हेल्पलाइन नंबर पर की शिकायत
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए ग्राम पंचायत सचिव को भी मामले की जानकारी दी, लेकिन शुक्रवार शाम तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। शनिवार सुबह ग्रामीण एकजुट हो गए और करीब दो दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को खदेड़कर गांव के पंचायत घर में बंद कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवारा मवेशियों की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
खंड अधिकारी ने दी जानकारी
प्रभारी खंड विकास अधिकारी झींझक आशुतोष शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही डॉक्टर और पंचायत सचिव को मौके पर भेजा गया है। कैटल कैचर टीम भी पहुंच चुकी है और आवारा मवेशियों को पकड़ने का रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 23 May 2026, 12:53 PM IST