कानपुर देहात के सुंदरपुर में बदहाल व्यवस्था, सड़क बनी कीचड़ और जलभराव का अड्डा

विकास खंड रसूलाबाद की ग्राम पंचायत मौजमपुर के मजरा सुंदरपुर में नाली निर्माण न होने और जर्जर सड़कों के कारण जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान और सचिव से बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 1 June 2026, 8:06 PM IST

Kanpur Dehat: शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन विकास खंड रसूलाबाद की ग्राम पंचायत मौजमपुर के मजरा सुंदरपुर में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। गांव में नाली निर्माण न होने और सड़कों की दुर्दशा के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या

ग्रामीणों के अनुसार गांव में वर्षों पहले सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क किनारे समुचित नाली व्यवस्था न होने से सीवर टैंकों और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे जगह-जगह जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने दर्द किया बयां 

ग्रामीण रामकृपाल, अखिलेश, गिरजावती, तिलक सिंह और मूलचंद्र ने बताया कि गांव की पुरानी नालियां भी टूट चुकी हैं। कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

Kanpur Dehat News: पुलिस के हांथ लगा सीसीटीवी फुटेज… 24 घंटे के अंदर शातिर हुआ गिरफ्तार

गंदगी के चलते फैल रही बीमारियां

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि शासन की योजनाओं का लाभ भी उन्हें अपेक्षित रूप से नहीं मिल पा रहा है। गांव की गलियों और सड़कों पर गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रशासन से ग्रामीणों ने की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सुंदरपुर में जल्द नाली निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने गांव में विकास कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  1 June 2026, 8:01 PM IST