4 घंटे की बिजली में कैसे बनेंगे डॉक्टर? आधी रात मेडिकल कॉलेज के छात्रों का फूटा गुस्सा, गेट पर धरना

कानपुर देहात के मेडिकल कॉलेज में देर रात ऐसा माहौल बना, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। भीषण गर्मी, अंधेरे में पढ़ाई और लगातार बिगड़ती सुविधाओं से परेशान छात्र अचानक हॉस्टल छोड़कर सड़क पर उतर आए। गेट पर घंटों तक नारेबाजी होती रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 2:06 PM IST

Kanpur Dehat: कानपुर देहात स्थित मेडिकल कॉलेज कुंभी में गुरुवार देर रात छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान छात्र-छात्राएं आधी रात करीब 12 बजे हॉस्टल से बाहर निकल आए और कॉलेज गेट पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

छात्रों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज और छात्रावासों में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। हालात ऐसे हैं कि 24 घंटे में मुश्किल से चार से पांच घंटे ही बिजली मिल पा रही है। भीषण गर्मी में लगातार हो रही कटौती से छात्र बेहद परेशान हैं।

पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर असर

एमबीबीएस छात्रों ने बताया कि उनकी परीक्षाएं नजदीक हैं, लेकिन लगातार बिजली न रहने से पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। रातभर बिजली गायब रहने के कारण छात्र न तो ठीक से पढ़ पा रहे हैं और न ही आराम कर पा रहे हैं। छात्रों ने कहा कि मोबाइल चार्जिंग, इंटरनेट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते छात्रों ने देर रात प्रदर्शन किया।

पेड़ की डाल पर आराम फरमा रहा था तेंदुआ, जब ग्रामीणों की पड़ी नजर तो उड़े होश; Video Viral

छात्रों को शांत कराने की कोशिश

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने के दौरान छात्रों ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण संस्था में इस तरह की बिजली व्यवस्था बेहद गंभीर मामला है। उनका कहना था कि भविष्य के डॉक्टर अंधेरे और गर्मी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

सीतापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

प्राचार्य बोले- अलग बिजली लाइन की जरूरत

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरमीत सिंह ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर कई बार उच्चाधिकारियों और ऊर्जा विभाग को पत्र भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज की बिजली आपूर्ति सामान्य लाइन से होने के कारण बार-बार बाधित होती है।

प्राचार्य के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के लिए अलग विद्युत लाइन बेहद जरूरी है, ताकि छात्रावासों और कॉलेज परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल प्रशासन समस्या के समाधान के प्रयास में जुटा हुआ है, लेकिन छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  22 May 2026, 2:06 PM IST