
स्टेशन मास्टर कार्यालय का किया निरीक्षण
Kanpur Dehat: मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल शुक्रवार को कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके आगमन पर नगर पालिका परिषद झींझक के सभासदों प्रदीप शर्मा, सरोज यादव, कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया पोरवाल, अंशू यादव व मोहम्मद सहवाल ने उनका स्वागत किया।
नगर पालिका झींझक के सभासदों ने रखी मांगे
निरीक्षण के दौरान सभासदों ने डीआरएम को स्टेशन पर व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज के निर्माण, आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के दोनों ओर पैदल सीढ़ियों की व्यवस्था तथा खानपुर रोड से पश्चिमी क्रॉसिंग तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुख रूप से रखी। डीआरएम ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
अव्यवस्थाओं को देख भड़के DRM
स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते समय रजनीश अग्रवाल ने कई अव्यवस्थाएं देखीं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्टेशन पर लगे हैंडपंप को हटाने के निर्देश दिए और निरीक्षण के दौरान खुली पड़ी बैरिकेडिंग को तत्काल बंद कराने को कहा। इसके अलावा उन्होंने पानी की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।
सभासदों की समस्या सुनते हुए डीआरएम प्रयागराज
निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय का किया निरीक्षण
डीआरएम ने रेलवे परिसर में बन रहे सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण करते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
DRM के निरीक्षण से स्थानीय लोगों में उम्मीद
इस दौरान स्टेशन मास्टर पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम के इस निरीक्षण से स्थानीय लोगों और यात्रियों को उम्मीद है कि स्टेशन की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।
Location : Kanpur Dehat
Published : 17 April 2026, 6:27 PM IST
Topics : crime news Kanpur dehat UP News UP Police