Kanpur Accident News: डाक कांवड़ यात्रा पर निकले दो दोस्तों के साथ रास्ते में हुआ भीषण हादसा, एक की मौत

कानपुर देहात में डाक कांवड़ लेने निकले दो युवकों की यात्रा उस वक्त दर्दनाक हादसे में बदल गई, जब तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक परिवार हमेशा के लिए उजड़ गया, जबकि दूसरा युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 1:23 PM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में डाक कांवड़ लेकर बिठूर गंगा घाट जल भरने जा रहे दो कांवड़ियों की बाइक को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िये की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, औरैया जनपद के इकौरापुर गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मराज और 21 वर्षीय रिशु डाक कांवड़ लेकर बाइक से बिठूर गंगा घाट जल लेने जा रहे थे। बीती रात बेला-कानपुर मार्ग पर पहाड़ीपुर गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिशु गंभीर रूप से घायल हो गया।

ये भी पढ़ें- घुटनों के बल 2400 KM की शिव कांवड़ यात्रा! 65 वर्षीय शिवभक्त हरपाल नाथ की 411 दिन की तपस्या ने सबको किया भावुक

अन्य साथियों ने सीएचसी में कराया था भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही उनके साथ चल रहे अन्य कांवड़िये मौके पर पहुंचे और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले गए। वहां मौजूद डॉक्टर सौरभ शाक्य ने परीक्षण के बाद धर्मराज को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रिशु का प्राथमिक उपचार किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बाबा के पीछे ‘प्रहरी’ बने बजरंगबली, मुज़फ्फरनगर के शिव चौक पर पहुंची भव्य झांकी कांवड़, दर्शन को उमड़ी भीड़

पिता ने बेटे का पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

उधर, मृतक के पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  3 August 2026, 1:05 PM IST