“ईश्वर सब देख रहा है…” पानी की बोतल से कैंसर भगाने का दावा करने वाले पाखंडी ‘बोतल बाबा’ का काला कारनामा उजागर

कानपुर देहात में पानी की बोतल से कैंसर ठीक करने का दावा करने वाले ढोंगी 'बोतल बाबा' को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 10 बीघे के आलीशान आश्रम में झाड़-फूंक और काले साये के नाम पर बाबा ने महिला से 40 हजार रुपये ठगे और बंद कमरे में दुष्कर्म का सनसनीखेज प्रयास किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 June 2026, 9:04 AM IST

Kanpur Dehat: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से अंधविश्वास, धोखाधड़ी और मर्यादा को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खुद को चमत्कारी बताने वाले ढोंगी 'बोतल बाबा' उर्फ हरिओम यादव को पुलिस ने इलाज और झाड़-फूंक के बहाने एक महिला से छेड़खानी व दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 'बोतल बाबा' का साम्राज्य 8-10 बीघे में फैला हुआ है, जहां वह पानी की बोतल में फूंक मारकर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को ठीक करने का भ्रामक दावा करता था।

पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए बाबा के साथ-साथ उसके एक सहयोगी को भी दबोच लिया है।

कौन है 'बोतल बाबा' और कैसा है उसका साम्राज्य?

कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के 'चैन का पुरवा' गांव में हरिओम यादव का एक आलीशान आश्रम है। इस इलाके में हरिओम यादव को लोग 'हरिधाम सरकार' के नाम से भी जानते हैं। अंधविश्वास का आलम यह है कि हर गुरुवार और रविवार को इस 8 से 10 बीघे में फैले विशाल आश्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती थी।

Kanpur Road Accident: कानपुर हाइवे पर गलत दिशा से काल बनकर आई वो रफ्तार… जिसने पल भर में उजाड़ दी एक पिता की दुनिया!

बाबा का दावा था कि वह सिर्फ एक पानी की बोतल में फूंक मारकर लोगों के बड़े से बड़े रोग, यहां तक कि कैंसर तक को ठीक कर सकता है। इसी अंधविश्वास के जाल में फंसकर लोग दूर-दूर से अपनी बीमारियां और परेशानियां लेकर इस ढोंगी के पास खिंचे चले आते थे।

तांत्रिक अनुष्ठान और 'काले साये' का बुना जाल

पीड़ित महिला औरैया जिले की रहने वाली है और उसके पति राजस्थान में काम करते हैं। महिला अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। जून के पहले हफ्ते में महिला के देवरों ने उसे यह कहकर बुलाया कि उनके घर 'हरिधाम सरकार' यानी बोतल बाबा आ रहे हैं।

महिला जब ससुराल पहुंची, तो हरिओम बाबा ने वहां एक हवन का आयोजन किया। इसके बाद बाबा ने महिला को डराते हुए कहा कि उसके ऊपर 'काला साया' है। बाबा ने जाल बुनते हुए दावा किया कि इस काले साये को हटाने के लिए आश्रम में एक विशेष अनुष्ठान और झाड़-फूंक करनी होगी। इसी बहाने बाबा ने झाड़-फूंक के नाम पर महिला से 40 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।

आश्रम के बंद कमरे में दुष्कर्म का प्रयास

पीड़ित महिला के मुताबिक, बीती 15 जून को उसके देवर उसे लेकर देवराहट स्थित हरिनाथ आश्रम पहुंचे। वहां बाबा ने विशेष अनुष्ठान के नाम पर महिला को आश्रम के एक एकांत कमरे में बुला लिया। आरोप है कि बंद कमरे में झाड़-फूंक करने के बहाने बाबा ने अपनी मर्यादा लांघ दी और महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए बलात्कार करने का प्रयास किया।

जब महिला ने खुद को संकट में पाया तो उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला का शोर सुनकर बाबा बौखला गया और उसने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।

Kanpur: फर्जीवाड़े ने पूरे शिक्षा सिस्टम की साख पर खड़े किए सवाल, आइए जानें कैसे चलता था नकली शिक्षा का कारोबार?

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाबा और भतीजा गिरफ्तार

इस खौफनाक आपबीती के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक प्रसाद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी 'बोतल बाबा' उर्फ हरिओम यादव को शुक्रवार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इसके साथ ही पुलिस ने बाबा के भतीजे दीपक को भी गिरफ्तार किया है, जो इस कृत्य में उसका सहयोगी था। इस मामले में दर्ज एफआईआर में महिला के देवरों को भी नामजद किया गया है, जिन्होंने महिला को बाबा के चंगुल में फंसाने में भूमिका निभाई।

"ईश्वर सब देख रहा है..."- गिरफ्तारी पर बौखलाया बाबा

इतने गंभीर आरोपों और पुलिस की गिरफ्त में आने के बावजूद बाबा के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखी। जेल जाते समय बाबा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा, "मेरे ऊपर ये सारे झूठे लांछन लगाए जा रहे हैं। ईश्वर सब कुछ देख रहा है। यह सब कुछ मेरे खिलाफ एक सोचा-समझा षड्यंत्र है। संत हमेशा संत रहेगा, इसे कोई मिटाना चाहे तो भी नहीं मिटा सकता।" फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  20 June 2026, 9:04 AM IST