
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी खरीदे हैंडमेड उत्पाद (Img: Dynamite News)
Kanpur: पारंपरिक कलाओं और शिल्पकारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्राफ्टरूट्स प्रदर्शनी का शुक्रवार को कानपुर में शुभारंभ हुआ। चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। 23 से 27 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों के शिल्पकार पहुंचे हुए हैं, अपने-अपने कौशल को स्टॉल्स के माध्यम से दर्शा रहे है, साथ ही हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों के शिल्पकारों ने यहां अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगा रखी है। करीब 87 स्टॉल लगे हुए है, हैंडमेड उत्पादो में घरों की सजावट से लेकर खाद्य पदार्थ, हथकरघा, पारंपरिक वस्त्र, हस्तनिर्मित आभूषण, सजावटी सामान और प्राकृतिक रंगों से तैयार कपड़ों सहित कई तरह की कलाकृतियां देखने को मिल रही हैं। अलग-अलग क्षेत्रों की विशिष्ट शिल्प परंपराएं यहां दिखाई दे रही है।
यह भी पढ़ें - Kanpur News: विजयादशमी पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने समझाया शास्त्र-शस्त्र का महत्व, जानिए क्या कहा
प्रदर्शनी की खासियत यह है कि यहां केवल तैयार उत्पादों को देखने का मौका नहीं मिलेगा, बल्कि कुछ शिल्पकार पारंपरिक तकनीकों से कलाकृतियां तैयार करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी करेंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक शिल्प को बढ़ाने व कारीगरों को ग्राहकों और नए बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। इससे शिल्पकारों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और कारोबार के नए अवसर तलाशने में मदद मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर त्योहारों के मौसम में हस्तनिर्मित वस्तुओं की मांग को देखते हुए यह प्रदर्शनी खरीदारी के लिए भी एक विकल्प बन सकती है।
पांच दिनों तक चलने वाली यह प्रदर्शनी कानपुरवासियों को देश की विभिन्न परंपराओं को करीब से जानने का मौका देगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर हस्तशिल्प के प्रति रुचि बढ़ाने और कारीगरों की मेहनत को उचित पहचान दिलाने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें - Kanpur Murder: कानपुर में बड़े भाई ने छोटे भाई की क्यों की हत्या? जानें वजह
राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने कहा कि यहां विभिन्न राज्यों से आये शिल्पकारों ने प्रदर्शनी लगाई है, इसे आगे बढ़ाना है विकसित भारत बनाना है। वही राज्यपाल ने भी इन प्रदर्शनियों में लगे हैंडमेड उत्पादों को खरीदा और लोगों से कहा भी यदि आप लोगों को कुछ पसंद आये तो जरूर कुछ न कुछ खरीदें।
Location : Kanpur
Published : 23 October 2026, 2:37 PM IST