गोवंश अवशेष मामले में पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

फेथफुलगंज के पार्क में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह शिव नारायण टंडन सेतु के पास पुलिस का सामना वांछित आरोपी से हो गया। आगे क्या हुआ?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 1:28 PM IST

Kanpur News: कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फेथफुलगंज स्थित आजाद पार्क के पास हुई कथित गौकशी की घटना में वांछित दूसरे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले पुलिस इस मामले में एहतिशाम को गिरफ्तार कर चुकी है।

शिव नारायण टंडन सेतु के पास पुलिस से मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह 22 नवंबर को रेलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी की घटना में वांछित आरोपी मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम शिव नारायण टंडन पुल के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।

पार्क में गोवंश के अवशेष मिलने से मचा था हड़कंप

दरअसल, रेलबाजार थाना क्षेत्र के फेथफुलगंज स्थित पार्क में बीते दिनों गोवंश के अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद हिंदू संगठन के लोगों ने हंगामा किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी पूर्वी ने फेथफुल चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया था और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी।

मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे अफसर (Image: Dynamite News)

इस मामले में पुलिस ने पहले ही एक वांछित आरोपी एहतिशाम को गिरफ्तार कर लिया था। अब दूसरे आरोपी मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा 60 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी मिली है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने एहतिशाम के साथ मिलकर आजाद पार्क, फेथफुलगंज के पास गोवंश की हत्या की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उपचार के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  22 November 2026, 1:28 PM IST