
पुलिस कार्रवाई जारी (Image Source: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर पहले से दो शादियां होने की बात छिपाकर तीसरी शादी करने और घर से लाखों रुपये के जेवर व नकदी लेकर मायके चले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर बर्रा पुलिस ने पत्नी प्रगति विश्वकर्मा, ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला बर्रा विश्व बैंक निवासी विशाल विश्वकर्मा से जुड़ा है, जो एक ऑटो फाइनेंस कंपनी में सर्वेयर के पद पर काम करते हैं। विशाल के मुताबिक, रिश्तेदार के माध्यम से 18 मई 2025 को उनकी शादी जूही लाल कॉलोनी निवासी प्रगति विश्वकर्मा से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पत्नी का व्यवहार बदलने लगा। छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने लगा और पत्नी झगड़ा कर मायके जाने तथा उन्हें छोड़ देने की धमकी देने लगी।
विशाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि जनवरी में पत्नी मायके चली गई थी और वापस आने को तैयार नहीं थी। किसी तरह अप्रैल में वह घर लौटी, लेकिन इसके बाद फिर से झगड़े और विवाद शुरू हो गए। विशाल का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में पत्नी ने उनकी मां के साथ भी मारपीट की।
प्रयागराज में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, छत्तीसगढ़ से यूपी लाई जा रही थी खेप; STF ने रास्ते में दबोचा
युवक के मुताबिक, जून 2026 में पत्नी घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई। इसके बाद उन्होंने ससुराल जाकर पत्नी को वापस भेजने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान उनके ससुर ने आश्वासन दिया कि वह बेटी को भेज देंगे।
विशाल का यह भी आरोप है कि इसके बाद पत्नी उनके खिलाफ फर्जी एप्लिकेशन लेकर थाने पहुंच गई और शिकायत की कि ससुराल के लोग उसे परेशान करते हैं।
विशाल के मुताबिक, पत्नी की पिछली शादियों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसके दूर के रिश्तेदारों से संपर्क किया। वहां से उन्हें पता चला कि प्रगति की पहले भी शादी हो चुकी थी। विशाल का दावा है कि जब वह उस युवक के पास पहुंचे, जिससे प्रगति की पहले शादी हुई थी, तब उन्हें मार्च 2017 में हुई पहली शादी की जानकारी मिली।
UP Crime: सुलतानपुर में संपत्ति के लिए अपनों ने बहाया खून, चचेरा भाई और भतीजा गिरफ्तार
विशाल का यह भी दावा है कि पहली शादी के कुछ ही महीनों बाद प्रगति ने दूसरी शादी भी की थी। उनके मुताबिक, दोनों शादियां आर्य समाज मंदिर में हुई थीं और उनका पंजीकरण भी कराया गया था। हालांकि, इन दोनों पूर्व शादियों के संबंध में तलाक हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी विशाल के पास नहीं है।
युवक का आरोप है कि इन जानकारियों को लेकर जब वह अपने छोटे भाई के साथ ससुराल पहुंचे और परिजनों से बातचीत करने की कोशिश की तो उनके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद उन्होंने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद पत्नी प्रगति, ससुर समेत अन्य के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 21 November 2026, 11:35 PM IST