
लेखपाल पर बड़ी कार्रवाई (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Kannauj: तहसील तिर्वा में कार्यरत लेखपाल चित्रांश यादव (लेखपाल क्षेत्र-खिरिया) को विवादित भूमि की वरासत त्रुटिपूर्ण ढंग से दर्ज करने और कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
उप जिलाधिकारी तिर्वा ने बताया कि यह कार्रवाई तहसीलदार तिर्वा की संस्तुति एवं नायब तहसीलदार हसेरन द्वारा 1 जुलाई को प्रस्तुत जांच आख्या के आधार पर की गई है। जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि राजस्व ग्राम कांकरकुई की गाटा संख्या-635 (विवादित भूमि) की वरासत बिना समुचित जांच-पड़ताल और नियमानुसार परीक्षण के दर्ज कर दी गई, जिसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया।
निलंबन अवधि के दौरान लेखपाल का मुख्यालय तहसील तिर्वा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें राजस्व निरीक्षक कार्यालय, तहसील तिर्वा से संबद्ध किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उन्हें यह प्रमाणित करना होगा कि निलंबन अवधि में वे किसी अन्य सेवायोजन, व्यवसाय अथवा निजी कार्य में संलग्न नहीं हैं।
प्रकरण की विभागीय जांच के लिए नायब तहसीलदार तिर्वा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी आरोपपत्र तैयार कर नियमानुसार जांच पूरी करते हुए अपनी रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को सौंपेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व अभिलेखों की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kannauj
Published : 3 July 2026, 2:25 AM IST