
जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह फॉर्च्यूनर पलटी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kannauj/Sultanpur: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में उषा सिंह समेत पांच लोग घायल हो गए, लेकिन गनीमत यह रही कि सभी की जान बाल-बाल बच गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह अपनी फॉर्च्यूनर कार से लखनऊ से नोएडा की ओर जा रही थीं। कन्नौज जिले के तालग्राम क्षेत्र में किलोमीटर 171 के पास जब उनकी गाड़ी पहुंची, तब मूसलाधार बारिश हो रही थी। तेज बारिश और फिसलन के कारण कार अचानक अनियंत्रित हो गई। गाड़ी ने पहले डिवाइडर को तोड़ा और करीब 20 मीटर तक फेंसिंग को चीरते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई।
इस कार में कुल पांच लोग सवार थे। गाड़ी को सुल्तानपुर के धनपतगंज निवासी विकास यादव चला रहे थे। उनके साथ कार में उषा सिंह के अलावा लखीमपुर के आयुष वर्मा, गनर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और नोएडा की निवासी गीतांजलि सिंह भी मौजूद थीं।
हादसा इतना भयानक था कि कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। संयोगवश, उसी समय आशा ज्योति केंद्र (कन्नौज) में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह अपने सिपाही पति अमित तेवतिया के साथ निजी वाहन से वहां से गुजर रही थीं।
पलटी हुई फॉर्च्यूनर को देखकर सिपाही दंपती ने बिना एक पल गंवाए अपनी गाड़ी रोक दी। जब कार के दरवाजे नहीं खुले, तो अमित तेवतिया ने अपनी सर्विस राइफल से गाड़ी के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का रास्ता बनाया। वहीं, अर्चना सिंह ने सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों से मदद की गुहार लगाई। दोनों ने मिलकर बड़ी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए सभी पांचों घायलों को एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाते हुए गंभीर रूप से घायल उषा सिंह, आयुष वर्मा और गनर अरविंद कुमार को तुरंत मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का भी प्राथमिक उपचार किया गया है।
जैसे ही सुल्तानपुर में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह के सड़क हादसे की खबर उनके गृह जिले और समर्थकों तक पहुंची, वहां हड़कंप मच गया। समर्थकों और परिचितों में उनकी सेहत को लेकर चिंता छा गई। राहत की बात यह है कि समय पर मदद मिलने के कारण सभी घायलों की जान सुरक्षित बचा ली गई है और उनका इलाज चल रहा है।
Location : Kannauj/Sultanpur
Published : 26 September 2026, 12:27 PM IST
Topics : Agra Lucknow Expressway Kannauj Accident Police Rescue Sultanpur Zila Panchayat Chairperson Usha Singh