Kannauj Blast: अवैध पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका, मकान की छत उड़ी; कारीगर गंभीर रूप से झुलसा

कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र में अवैध पटाखा बनाने वाली इकाई में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और पटाखा बना रहा एक कारीगर गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आतिशबाजी और बारूद बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 September 2026, 2:22 PM IST

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह अवैध पटाखा बनाने की इकाई में हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बहवलपुर गांव में हुए इस हादसे में एक कारीगर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि धमाके से मकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

बारूद में विस्फोट से दहला गांव

जानकारी के मुताबिक, बहवलपुर गांव में शिवकुमार भुर्जी के मकान के पास टीन शेड में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चल रहा था।

मंगलवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच अचानक बारूद में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

विस्फोट के बाद मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और पटाखा बना रहा कारीगर आग की चपेट में आ गया।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

हादसे में घायल कारीगर की पहचान शिवकुमार चक्रवर्ती (55) पुत्र द्वारिका चिक निवासी बहवलपुर के रूप में हुई है।

ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल 100-शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया।

घायल के परिवार में पत्नी फूलवती देवी, दो बेटे अक्षय और सूरज तथा दो बेटियां तनु और सोनू हैं।

पुलिस ने बरामद किया अवैध पटाखा और बारूद

घटना की जानकारी मिलने के बाद उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी मयंक मिश्रा और तहसीलदार अभिनव वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

इसके बाद एडिशनल एसपी और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान मालिक शिवकुमार सक्सेना को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, मौके से भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी और बारूद बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी हादसों का दावा, उठे सुरक्षा पर सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी पटाखा बनाने के दौरान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद अवैध कारोबार जारी था।

घटना के बाद मकान के बाहर लगे एक राजनीतिक बोर्ड को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Location :  Kannauj

Published :  22 September 2026, 2:22 PM IST