
नगर निगम और पुलिस की टीम को महिला ने छकाया
Jhansi: जनपद के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर तीन के सामने अतिक्रमण हटाने निकली नगर निगम और पुलिस की टीम का लोगों से टकराव हो गया। लोगों ने नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध किया। अतिक्रमण हटाने गई टीम उस वक्त हक्की-बक्की रह गई जब फुटपाथ पर दुकान लगाने वाली एक महिला ने विरोध की सारी सीमाएँ पार कर दीं।
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे की पटरी पर बनाए गए अस्थायी ठिकाने को हटाने पहुंची नगर निगम टीम के सामने महिला न सिर्फ चीखी-चिल्लाई, बल्कि अपनी ही झोपड़ी में आग लगाने के लिए चढ़ गई। रोकने पर उसने अपने ही सिर पर ईंट से हमला कर दिया। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस और निगम कर्मचारी सकते में आ गए। महिला को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए।
महिला ने पुलिस और नगर निगम की टीम को छकाया
यह वाकया झांसी मेडिकल कॉलेज के बाहर की है जहां अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को विरोध का ऐसा रूप देखने को मिला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पटरी पर कब्जा जमाए बैठी महिला जैसे ही टीम को देखती है—वह अचानक चीखते हुए अपनी झोपड़ी की छत पर चढ़ जाती है। हाथ में माचिस और सामने सूखी घास-फूस से बनी झोंपड़ी। महिला आग लगाने का प्रयास करती है तो पुलिस और नगर निगम के कर्मचारी दौड़ पड़ते हैं।
रोकने पर महिला अपना सिर फोड़ने लगती है। गुम्मा उठाकर जोर से खुद पर मारती है। चीख-पुकार से माहौल गरमा उठता है और अचानक वह गश्त खाकर नीचे गिर जाती है। भीड़ जुटती है… लोग वीडियो बनाने लगते हैं और पूरा फुटपाथ अफरातफरी में बदल जाता है।
अतिक्रमण टीम से महिला का हंगामा
पुलिस महिला को समझाने की कोशिश करती है, लेकिन वह फूट-फूटकर रोती रहती है। वह पुलिस से गुहार लगा रही है कि मेरा घर मत तोड़ो। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला जैसे-तैसे शांत होती है। लेकिन तब तक नगर निगम की टीम के हाथ-पैर फूल चुके होते हैं। विरोध का ताप देखकर टीम बिना कार्रवाई किए ही वापस लौट जाती है।
Location : Jhansi
Published : 9 December 2025, 10:47 PM IST